निजी अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन सील
सिद्धार्थनगर। शहर के एक अस्पताल में अनधिकृत व्यक्ति द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन से मरीजों की जांच करने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की और मशीन को सील कर दिया। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि शिकायत पर वह ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीएम उमेश चंद्र निगम, डॉ. सौरभ चतुर्वेदी आदि अधिकारियों के साथ शहर के जीजीआईसी गली स्थित निजी अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची थीं। जांच में अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीकरण तो पाया गया लेकिन रेडियोलॉजिस्ट मौके पर नहीं मिला। इस पर अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी गई। अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।