सिद्धार्थनगर। बेसिक शिक्षा विभाग में निविदा के बाद एजेंसी ने दो साल बाद भी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में फर्नीचर नहीं पहुंचाया है, इस कारण बच्चों को पढ़ाई करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस लापरवाही के मामले में विभागीय अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
वर्ष 2021 में एक निजी एजेंसी को जिले के 514 विद्यालयों में 15056 डेस्क बेंच की आपूर्ति करने को टेंडर मिला था, लेकिन यह कार्य अब तक नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि बांसी, मिठवल, खेसरहा व जोगिया क्षेत्र के विद्यालयों में फर्नीचर नहीं पहुंचने के कारण काफी समस्या है। बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार एजेंसी ने 300 से अधिक विद्यालयों में करीब 11 हजार फर्नीचर नहीं पहुंचाया है, इससे बच्चों को असुविधा हो रही है। इस मामले में बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि फर्नीचर आपूर्ति करने वाली एजेंसी ने कार्य में तेजी लाई है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही फर्नीचर उपलब्ध हो जाए।