बर्डपुर। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर चौराहे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार से मोहाना से नौगढ़ की तरफ जा रही अज्ञात डीसीएम ने रोड पर खड़ी टेंपू, बाइक और दुकान में टक्कर मार दी। इसमें दो महिलाएं घायल हो गईं, जिनका इलाज सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र बर्डपुर में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बर्डपुर चौराहे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार अनियंत्रित डीसीएम बाइक, खड़ी टेंपो व दुकान को रौंदते हुए भाग गया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल और एक चाट फुल्की के ठेले को भी टक्कर मारी, जिससे सभी सामान गिर गया। वहीं, टेंपो में ठोकर लगने से उसमें बैठी कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के महजिदिया निवासी नेहा मिश्रा (18) पुत्री रामकेश्वर मिश्र और थाना क्षेत्र परसा मदरहना निवासी नूरजहां (64) वर्ष पत्नी खलील घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी बर्डपुर लाया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, नेहा मिश्रा गंगा नेशनल स्कूल से पढ़ाकर बर्डपुर तक स्कूली बस से आई थी, वह अपने घर जाने के लिए एक टेंपू पर बैठी थी और नूरजहां भी कुछ समान लेने के लिए बर्डपुर आईं थी और घर जानें के लिए उसी टेंपू में बैठी थी। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत अब ठीक है। नेहा का हाथ और नूरजहां का सिर फट गया था, जहां टांका लगाया गया है। इस संबंध में मोहाना थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी होने के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अब हालत ठीक है। दुर्घटना करने वाले वाहन की जांच की जा रही है। अभी किसी की कोई तहरीर नहीं मिली है।