भनवापुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, अवैध खनन की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय ने टीम के साथ डुमरियागंज थाना क्षेत्र के धनोहरी गांव के दक्षिण हिस्से में छापेमारी की। मौके पर मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था। प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए खनन में लगी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया और उन्हें कब्जे में लेकर डुमरियागंज थाने में सुपुर्द कर दिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान खनन में लगा लोडर चालक प्रशासनिक टीम को देखकर वाहन लेकर मौके से भाग निकला। प्रशासन अब उसकी तलाश और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा है। नायब तहसीलदार ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।