पथरा थाना क्षेत्र के ग्राम कम्हरिया बुजुर्ग का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। थाना क्षेत्र के ग्राम कम्हरिया बुजुर्ग में नाली निर्माण को लेकर रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। ग्रामीण ग्राम पंचायत की तरफ से निजी भूमि में नाली बनवाने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रोकने के लिए लामबंद हो गए। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
कम्हरिया बुजुर्ग गांव के उत्तर तरफ ग्राम पंचायत द्वारा नाली बनाने के लिए खुदाई की जा रही थी। यह बात जैसे ही गांव के दूसरे पक्ष के लोगों को पता चला वह लोग एकत्रित होकर खुदाई रोकने लगे। उन लोगों का कहना था कि नाली निजी भूमि में बन रही है। उन लोगों का यह भी कहना था कि वैसे भी पानी निकासी हेतु गांव के दक्षिण पहले ही नाली बनी है, जो अतिक्रमण का शिकार है। उसे ही अतिक्रमण मुक्त कराया जाय।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रशासन द्वारा पैमाइश के बाद निर्माण की बात कहकर मामले को शांत कराया। दूसरे पक्ष के उदय बहादुर, श्याम देव व मनोज आदि ने कहा कि राजनीतिक बदले की भावना से हमें परेशान किया जा रहा है। ग्राम प्रधान अशोक कुमार प्रजापति ने कहा कि नाली निर्माण सरकारी भूमि में हो रही थी, जिसके लिए प्रशासन ने शनिवार को भूमि की पैमाइश भी की थी।
प्रभारी थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत करा दिया गया है। तहसील प्रशासन ने कल पैमाइश की बात कही है।