तैयारी पूरी, सुबह 10 से बात करेंगे पीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह 10 बजे वर्चुअल माध्यम से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एवं इससे संबद्ध छह जिलों के संबद्ध महाविद्यालयों के दो लाख छात्र-छात्राओं को संबाेधित करेंगे। कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए एक दिन पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पीएम विकसित भारत 2047 पर युवाओं से बात करेंगे। छात्र-छात्राओं में उत्साह भी है। कुछ छात्र-छात्राओं से पीएम मोदी संवाद भी कर सकते हैं।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एवं इससे संबद्ध सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, श्रावस्ती, महराजगंज एवं बलरामपुर के 281 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं पीएम को संबोधन सुनेंगे। सभी छात्र-छात्राओं को पीएम के संबोधन के लिए बुलाया गया है। विकसित भारत 2047 कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिसंबर सुबह 10 से ऑनलाइन संबोधन करेंगे। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीएम का संबोधन यूनिवर्सिटी व सभी संबद्ध कॉलेजों के छात्र सुनेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा एक आइडिया पोर्टल लांच किया जाएगा।
कुलसचिव ने सभी कॉलेजों के प्राचार्य को पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि कॉलेज छात्रों को एक स्थान पर एकत्रित कर प्रधानमंत्री का संबोधन सुनाएं। उन्होंने बताया कि लांच किए जा रहे पोर्टल पर कॉलेजों के सभी छात्र-छात्राओं से 11 से 25 दिसंबर तक फीडबैक लिया जाएगा। इसमें विकसित भारत अभियान में संबंधित छात्रों की किस क्षेत्र में भूमिका होगी, उनकी राय ली जाएगी। कुलसचिव ने बताया कि विकसित भारत में युवाओं की भूमिका एवं अपेक्षा विषय पर कार्यशाला आयोजित होनी है। जिसमें युवाओं की भूमिका व योगदान पर चर्चा होगी।