सिद्धार्थनगर। परिवहन निगम के सिद्धार्थनगर डिपो को दो जनरथ बसें प्राप्त हुई हैं। ये दोनों बस लखनऊ रूट पर भेजी जा रही हैं। लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग के बाद अब जनरथ बस प्राप्त हुई हैं। इससे एसी की सुविधा चाहने वाले यात्रियों के लिए सुविधा बेहतर हो गई है। एक राजधानी बस चलाई जा रही है, जिसमें एसी की सुविधा नहीं है, लेकिन स्टापेज कम है।
जिले में लंबे समय बाद एसी बस की सुविधा मिली है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज एवं सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु मेंं शिक्षक व छात्र संख्या बढ़ने के बाद एसी बसों की मांग और बढ़ गई थी। फिलहाल बसों में ऑफलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा है, जबकि कुछ दिन बाद लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी टिकट बुक कर सकेंगे।
दो जनरथ एवं एक राजधानी बस के शुरू होने के कारण लखनऊ रूट पर यात्रा सुविधाजनक हो गई है। हालांकि, गोरखपुर व वाराणसी रूट पर भी एसी बसों की मांग हो रही है। सिद्धार्थनगर डिपो के एआरएम जगदीश प्रसाद ने बताया कि डिपो में दो जनरथ बसें प्राप्त हुई हैं, दोनों बसों को लखनऊ रूट पर चलाई जा रही हैं। अतिरिक्त बसें प्राप्त होंगी तो गोरखपुर होते हुए वाराणसी रूट पर एसी बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी।