सीएमओ कार्यालय के दो कर्मचारी पॉजिटिव मिले
सिद्धार्थनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। बुधवार को मेडिकल कॉलेज लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में दोनों के कोविड-19 पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। दोनों को इलाज के लिए महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सीएमओ कार्यालय से जारी रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को मेडिकल कॉलेज लखनऊ से 1435 नमूनों की रिपोर्ट आई। 1433 लोग निगेटिव पाए गए जबकि सीएमओ कार्यालय के दो कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए। सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने बताया कि बुधवार को सात लोग स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। जिले में अब तक 3918 केस पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 3820 लोग स्वस्थ हुए। जबकि 50 लोगों की जान गई। बुधवार को जिले में 50 केस पॉजिटिव थे। इनका इलाज किया जा रहा है। ब्यूरो