बांसी। कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित सोनखर मलंगा बाबा स्थान के पास सोमवार को बेकाबू कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला औैर पुरुष दोनों की मौत हो गई।
इटवा थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव निवासी रफीक अंसारी पुत्र मकबूल अंसारी अपनी बाइक पर बैठाकर साहिना पत्नी इस्तेखार निवासी पिपरा रामलाल थाना पथरा बाजार को नौगढ़ की तरफ ले जा रहा था। अभी वह बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित सोनखर मलंग बाबा स्थान के पास पहुंचा था कि बेकाबू कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि दोनों दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल बांसी बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने दोनों को पीएचसी बांसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर आरके सिंह ने दोनों को मृत्यु घोषित कर दिया। इसके बाद महिला के परिजनों को सूचित किया गया। मौके पर दोनों के परिजन पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना को अंजाम देने वाले कार चालक मो. सोएब निवासी कटया मुस्तकम थाना इटवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में कोतवाल बांसी बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। कार व चालक कब्जे में हैं। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।