घायल पहुंचा अस्पताल, नहीं हुआ इलाज
शाहपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया में सोमवार रात आठ बजे हादसे में घायल होकर पहुंचे युवक को इलाज नहीं मिला। परिजन का आरोप है कि रात में अस्पताल में नर्स के अलावा कोई डॉक्टर या अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं था। इस कारण युवक को निजी डॉक्टर से इलाज कराना पड़ा।
शाहपुर निवासी सिपाही (35) दो पहिया वाहन से डुमरियागंज से वापस अपने घर जा रहे थे। राप्ती नदी का पुल पार करते ही किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया ले जाया गया। परिजनों ने बताया कि एक नर्स के अलावा कोई नहीं मिला। मजबूरन, निजी अस्पताल लेकर जाना पड़ा।
घायल सिपाही के भाई पिंटू ने बताया कि सीएचसी सिरसिया में रात में इलाज नहीं हो पाया है और निजी अस्पताल में रुपये खर्च करने पड़े। सीएचसी अधीक्षक डॉ शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि मामले की जानकारी रात में ही स्टाफ नर्स सविता मौर्या ने दी थी। ड्यूटी में लापरवाही करने वाले डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है।