खेसरहा। ब्लॉक क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर खुले में लगे ट्रांसफार्मर हादसे का निमंत्रण दे रहे हैं। बेलौहा बाजार के पास मेंहदावल मार्ग पर दो फीट की ऊंचाई पर खुले में ट्रांसफार्मर लगाया गया है। अब तक तीन पशु इसकी जद में आकर अपनी जान गवां चुके हैं। ट्रांसफार्मर के रख-रखाव में मानक की अनदेखी से हर वक्त हादसे का खतरा बना रहता है। क्षेत्र के तुफैल अहमद, गिरजेश पांडेय, राम बेलास मिश्रा, शहाबुद्दीन, सुरेंद्र पांडेय, रामहित यादव, नवल किशोर, पुतिन प्रसाद आदि ने सड़क के किनारे रखे गए ट्रांसफार्मर को जाली से घेरने की मांग की है। इस संबंध में विद्युत निगम बांसी के अधिशाषी अभियंता एसके सिंह ने कहा कि खुले में रखे ट्रांसफार्मरों को घेरने के लिए प्रपोजल बना कर भेजा गया है, एक माह के भीतर जाली से घेर दिया जाएगा।