ढेबरूआ। त्योहारी सीजन में मुंबई से सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। पूर्वोत्तर रेलवे ने 05038/05037 बांद्रा टर्मिनस-बढ़नी साप्ताहिक अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन के संचालन में बदलाव किया है। 10 और 17 अक्तूबर 2026 को बांद्रा टर्मिनस से चलने वाली ट्रेन बढ़नी के बजाय गोंडा में ही समाप्त होगी। ऐसे में यात्रियों को गोंडा से सड़क या दूसरी ट्रेन के माध्यम से आगे की यात्रा करनी होगी। रेलवे के अनुसार, दोनों तिथियों को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होने वाली ट्रेन निर्धारित मार्ग से चलकर रात 8:45 बजे गोंडा पहुंचेगी। यहीं ट्रेन का शॉर्ट टर्मिनेशन किया जाएगा। इसके बाद गोंडा से बढ़नी के बीच ट्रेन का संचालन निरस्त रहेगा। सामान्य दिनों में यह विशेष ट्रेन बढ़नी तक जाती है और मुंबई व महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों को सिद्धार्थनगर के लिए सीधी रेल सुविधा मिलती है। संवाद