आपदा से निपटने के लिए तैयार होंगे फ्रंटलाइन वर्कर
- ग्राम प्रधान, शिक्षक, युवा, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को किया जाएगा प्रशिक्षित
- एनडीआरएफ के जवान बताएंगे बाढ़ से बचाव के तरीके
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बाढ़ से निपटने के लिए गांव-गांव में फ्रंटलाइन वर्कर तैयार किए जाएंगे। पिछले वर्षों में बाढ़ प्रभावित रह चुके गांवों के लोगों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक और तहसील सभागार में भी प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं।
एनडीआरएफ के जवान लोगों को जानकारी देंगे कि बाढ़ जैसी आपदा के आने के बाद उससे निपटा कैसे जाए, बाढ़ में फंसे लोगों को बचाया कैसे जाए। एनडीआरएफ की टीम ग्राम प्रधानों की अगुवाई में प्रशिक्षण देगी। शिक्षक, युवा, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
जनपद नेपाल सीमा से सटा हुआ है। यहां पर बारिश के दिनों में नेपाल से नदी और नालों से पानी छोड़ा जाता है। नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ के हालत उत्पन्न हो जाते हैं। 29 लाख की आबादी वाला जनपद बाढ़ग्रस्त हो जाता है। जनजीवन पर खराब असर पड़ता है। जन और धन दोनों की हानि लोगों को सहनी पड़ती है। लिहाजा, बाढ़ में जन की हानि न होने पाए, इसके लिए से अधिक बाढ़ प्रभावित गांवों में फ्रंटलाइन वर्कर तैयार किए जाएंगे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लेखपाल, एक शिक्षक, शिक्षामित्र और पांच- पांच सामाजिक कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कोट
बाढ़ प्रभावित गांवों में फ्रंटलाइन वर्कर तैयार करके उन्हें प्रशिक्षण दिया जाना है। एनडीआरएफ की टीम शिविर आयोजित करके उन्हें प्रशिक्षित करेगी।
- उमाशंकर, एडीएम
---
तहसील में इस दिन होगा प्रशिक्षण
तहसील सभागार तिथि
बांसी 20 जुलाई
इटवा 22 जुलाई
डुमरियागंज 25 जुलाई
शोहरतगढ़ 27 जुलाई
ब्लॉक में इस दिन होगा प्रशिक्षण
ब्लॉक सभागार तिथि
बांसी 29 जुलाई
नौगढ़ एक अगस्त
जोगिया तीन अगस्त
उसका बाजार पांच अगस्त
भनवापुर आठ अगस्त