पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित पकड़ी-बैदौली मार्ग पर जखौलिया गांव के पास बना पुल क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुल काफी पुराना है और जर्जर स्थिति में है, जिसके चलते किसी भी अप्रिय घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। क्षतिग्रस्त पुल को सही कराने के अलावा नए पुल के निर्माण की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
क्षेत्र के विजय गोसाई, ठाकुर राम, जोखू चौधरी, मोती लाल गिरी, जमुना, सोहराब, घिसियावन, अमर नाथ, घनश्याम आदि पुल के मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई अशोक कुमार चौधरी का कहना है कि क्षतिग्रस्त हुए पुल का मामला विभाग के संज्ञान में है और जल्द ही उसे ठीक कराने का काम शुरू किया जाएगा।