डुमरियागंज में मिठाई के सैंपल की जांच करती विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
मिलावटखोरी पर शिकंजा, 18 दुकानों से नमूने लिये
सिद्धार्थनगर। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका में खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। जिले के विभिन्न इलाकों में बृहस्पतिवार देर शाम चले अभियान में 18 दुकानों से मिठाई, पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीम ने पकड़ी बाजार की तीन दुकानों में पनीर और छेना में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए सैंपलिंग की। डुमरियागंज में एक दुकान से सोन पपड़ी और एक से सरसों तेल का नमूना लिया। नौगढ़ में पेड़ा, पकड़ी चौराहे पर बेकरी से रस, एक दुकान से खोया का नमूना लिया। पुरानी नौगढ़ से दूध, कोटिया बाजार से कलाकंद मिठाई और पपड़ी का नमूना लिया गया।
तुलसियापुर चौराहा से घी, बर्फी, कोटिया बाजार से बेसन, डिडई बांसी से दूध, दूसरी दुकान से पनीर, एक दुकान से लड्डू और रमवापुर कली चौराहा से चिली पाउडर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जिला खाद्य सुरक्षा औषधि अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने बताया कि अभियान चल रहा है। 18 दुकानों से सैंपल लिया गया है। गड़बड़ी की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी। जांच अभियान जारी है।