विजेता खिलाड़ियों के साथ सांसद जगदंबिका पाल व अन्य।
सिद्धार्थनगर। दिल्ली में 26 से 28 मई 2023 तक आयोजित तीसरे एशियन ताइक्वांडो आईटीएफ चैंपियनशिप में जिले के तीन ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने पदक हासिल किया। इसमें जयप्रकाश वरुण निवासी हुसैनगंज ने 51 से 55 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, हर्ष चौबे निवासी जगमोहनी चौराहा ने 56 से 60 किलो भार वर्ग में रजत पदक एवं शशांक चौबे निवासी इंदिरा नगर ने 32 से 35 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
ऋषिकेश में 26 से 29 दिसंबर 2022 के बीच आयोजित ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में जिले के 12 खिलाड़ियों का चयन हुआ था। अब दिल्ली में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले इन तीन खिलाड़ियों का चयन एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हुआ है। जिला स्टेडियम में सांसद जगदंबिका पाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गोविंद माधव, क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति ने इन खिलाड़ियों के साथ कोच अमन द्विवेदी को सम्मानित किया। इस दौरान क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री, अमित श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव, मुरारी सिंह, दिलीप सिंह व एसपी अग्रवाल मौजूद रहे।