सिद्धार्थनगर। ब्लॉक संसाधन केंद्र जोगिया पर में मंगलवार को परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों का तीन दिवसीय आउट ऑफ स्कूल प्रशिक्षण शुरू हुआ। बीईओ राजेश कुमार ने कहा कि शारदा कार्यक्रम के तहत आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें आयु-संगत कक्षा में नामांकित करना और विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना विभागीय जिम्मेदारी है। कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए शिक्षकों को संवेदनशीलता के साथ धरातल पर कार्य करना होगा। प्रशिक्षकों ने बताया कि बच्चों के लर्निंग गैप को भरने के लिए विशेष ब्रिज कोर्स और गतिविधि आधारित शिक्षण अनिवार्य है। शारदा पोर्टल पर डेटा फीडिंग और बच्चों के बेसलाइन मूल्यांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। बच्चों को स्कूल के वातावरण में ढालने के लिए उनके मनोवैज्ञानिक संवेदीकरण पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान संजयकर पाठक, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, उत्कर्ष श्रीवास्तव और अनिरुद्ध मौर्य मौजूद रहे।