सिद्धार्थनगर। बांसी ब्लॉक क्षेत्र के कोडरी खास गांव में सफाईकर्मी के न होने से गांव के लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। गांव की सभी नालियां कचरे व व कूड़ा करकट से पटी हुई हैं। इसके सड़न से उठने वाले दुर्गंध से ग्रामीण परेशान हैं। लेकिन जिम्मेदार बेखबर हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश तिवारी ने समस्या के समाधान के लिए बीडीओ बांसी को शिकायती पत्र देकर सफाईकर्मी को तैनात करने की मांग किया है। उन्होंने कहा कि चार माह पूर्व गांव में एक सफाईकर्मी तैनात था जो नियमित सफाई कार्य कर रहा था। इसके बावजूद उसे राजनीतिक कारणों से हाटा दिया गया और उसके स्थान पर किसी अन्य सफाई कर्मी तैनात नहीं किया गया। ऐसे में सफाईकर्मी के न होने से सभी नालियां कूड़ा-करकट से पटी हैं। बारिश होने पर नाली का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। जिससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने बीडीओ से अविलंब गांव में सफाईकर्मी तैनात करने की मांग किया है। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी महमूद अली ने बताया कि चार माह से सफाईकर्मी गांव में तैनात नहीं हैं। जल्द ही बीडीओ को समस्या से अवगत कराकर सफाईकर्मी को नियुक्त कराया जाएगा।