बांसी। कोतवाली क्षेत्र के थुम्हवा गांव में बुधवार रात दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर तीसरे घर में जैसे ही घुसे घर वालों के जग गए। शोर मचाने पर चार चोर फरार हो गए। जबकि ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़कर बांध दिया और पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको सौंप दिया।
क्षेत्र के थुम्हवा गांव निवासी गंगा मिश्र घर के पीछे के रास्ते से चोर अंदर घुसे और दो लाख रुपये से अधिक का आभूषण और 45 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसके बाद चोर बगल के गजेंद्र मिश्र के घर सीड़ी के रास्ते घुस गए और सोने और चांदी के आभूषण व 2500 रुपये पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घर में चोरी की घटना के बाद चोर गांव के ही अनिरुद्ध मिश्र की छत पर चढ़े ही थे की शोरगुल होने पर भागने लगे। जिसमें चार चोर फरार हो गए जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ा लिया। उसके बाद उसे बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। पकड़े गए व्यक्ति के पास उसका आधार कार्ड पाया गया है। जिसमें उसका नाम अजमत अली निवासी गढि़या पैगंबरपुर जनपद बदायूं अंकित है।
चर्चा है कि पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की और साथियों व सामान के बारे में जानकारी लेनी चाही, लेकिन उसने नहीं बताया।
ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़कर सौंपा है। उससे पूछताछ की जा रही है। उससे मिलने वाली जानकारी के आधार पर उसके अन्य साथियों को जल्द दबोच लिया जाएगा।
-विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी, कोतवाल
-
तीनों घरों में चोरी, पुलिस को चोरों ने दी चुनौती
औराताल। क्षेत्र के बनगाई गांव में बुधवार रात चोरों ने तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ और एसओ ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
क्षेत्र के बनगाई गांव में पूर्व प्रधान नरसिंह पांडेय के मुताबिक बुधवार रात परिवार के सदस्य सोए हुए थे। देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुस गए। इसके बाद कमरे में बक्सा में रखी सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, चेन और डेढ़ लाख रुपया चुरा लिया। इसी प्रकार हरिराम वर्मा के घर के पीछे छत के रास्ते से चोर घुस गए। हरिराम के मुताबिक चोर बक्सा में रखा एक लाख नकद व जेवरात चुरा ले गए। वहीं, अमरनाथ चौबे के घर से लगभग ढाई लाख के बर्तन सहित दस रुपया नकद भी चोरों ने चुरा लिया।
सुबह होने पर पीड़ितों को घटना की जानकारी हुई। तीनों लोगों के घरों में चोरों ने घर के पिछले रास्ते से घुसकर चोरी को अंजाम दिया। सुबह जब घटना की जानकारी लोगों को हुई तो पीड़ितों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष डुमरियागंज को दी। मौके पर थानाध्यक्ष मुकेश राय, पुलिस क्षेत्राधिकार डुमरियागंज सुजीत राय ने पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। फारेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर जांच के लिए बुलाया। सीओ सुजीत राय ने बताया कि जांच चल रही है। शीघ्र रही चोरी करने वाले लोगों का पता लगा लिया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।