त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र की नगर पंचायत बिस्कोहर के परसोहन रोड का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र की नगर पंचायत बिस्कोहर के परासोहन रोड पर एक किराना की दुकान में बुधवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के जंगले को तोड़कर दस हजार रुपये नकदी व करीब बारह हजार रुपये का सामान ले गए। सूचना पर पहुंची बिस्कोहर चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिस्कोहर नगर के परशुराम नगर निवासी किन्नू उर्फ कृष्ण कुमार गुप्ता की विश्वनाथ नगर वार्ड के परसोहन रोड पर फुटकर किराना की दुकान है। बुधवार रात चोर दुकान के बगल बने मकान से होकर छत पर चढ़ गए। यहां दुकान के पिछले हिस्से के छत के नीचे दीवार में लगे जंगले को तोड़ दिया। इसके बाद अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखा 10 हजार रुपये नकदी सहित अन्य सामान उठा ले गए। ऐसा दुकानदार ने बताया।
बृहस्पतिवार सुबह किन्नू गुप्ता का छोटा बेटा ऋषि जब दुकान खोलने पहुंचा। दुकान का शटर खोलने पर पिछले हिस्से का दरवाजा खुला, जंगले को टूटा और सामान गायब देखकर उसके होश उड़ गए। वारदात की सूचना पर चौकी प्रभारी राकेश कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दुकानदार से वारदात की जानकारी ली। इस संबंध में चौकी प्रभारी राकेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर गया था। मामला संदिग्ध लग रहा है, जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।