- शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पिपरहवा गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पिपरहवा गांव में बृहस्पतिवार रात बरात आने के बाद लड़की पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। काफी समझने बुझाने के बाद जब बात नहीं बनी तो लड़का पक्ष ने सीओ कार्यालय पर तहरीर देकर लड़की पक्ष पर मारने पीटने का आरोप लगाते हुए सामान वापस दिलाने व अन्य खर्चा वापस कराने की मांग की है। गांव में बरात आई तो बरातियों के रंगरूप को देखने के बाद शक हुआ। लड़के की उम्र भी अधिक थी। तब लड़की पक्ष ने लड़के का आधार मांगा। आधार में लड़के का पता हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा गांव हिरन थाना ज्वाला मुखी है। तब शादी करने से मना कर दिया। लड़की पक्ष ने बताया कि हम लोगों इतनी दूर अपनी लड़की की शादी नहीं कर पाएंगे। धोखे में रखकर यह शादी की जा रही थी। जबकि लड़के पक्ष के लोगों ने बताया कि लड़की पक्ष को हर चीज मालूम था। लड़के पक्ष ने सीओ को तहरीर भी दिया है। तहरीर में बताया कि बरात पहुंचने के बाद नाश्ता पानी किया गया। द्वारपूजा की तैयारी की जा रही थी तभी गांव वालों के साथ मिलकर हम बरातियों के साथ मारपीट किया गया और साथ आई महिला का मंगलसूत्र लूट लिया गया है। सीओ दरवेश कुमार ने बताया कि लड़की पक्ष शादी करने से मना कर दिया। समान वापसी करने पर सुलह समझौता कर लिया है।