बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर के शाह ग्राउंड के मैदान में आयोजित आठ दिवसीय प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें दिन सोमवार को सेमीफाइनल मैच हुए, जिसमें बलरामपुर और तुलसीपुर की टीम ने मुकाबला जीत कर फाइनल में जगह बना ली। फाइनल मैच का मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा।
पहला मैच फैजाबाद व बलरामपुर के बीच हुआ। बलरामपुर की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी फैजाबाद की टीम ने कदीर के 28 रन व मोहित के 33 रनो के योगदान से 11.3 ओवर में 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बलरामपुर टीम के रजत सिंह 5 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलरामपुर की टीम ने राहुल सिंह के 84 रन व आफरान के 30 रनों के सहयोग से 10 ओवर में 113 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
दूसरा मैच जहदरिया तुलसीपुर व चौधरी इलेवन उतरौला के बीच खेला गया। टॉस जीतकर जहदरिया तुलसीपुर की टीम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी चौधरी इलेवन उतरौला की टीम ने 12 ओवर में जाहिद के 29 रन व मुक्करम के 30 रनों की बदौलत 9 विकेट खोकर 135 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जहदरिया तुलसीपुर की तरफ से अदन निहाल 73 रन और रवि के 45 रनों का योगदान से 9 ओवर में 1 विकेट खोकर मैच को जीतकर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया।
इस दौरान जहदरिया टीम के खिलाड़ी अदन निहाल ने 26 बॉल में 8 छक्के व 5 चौके लगाकर नाबाद 73 रन बनाए। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर मोहम्मद जाहिद, शाहिद सिद्दीकी, सद्दाम सिद्दीकी, मुमताज अहमद, असलम, इनाम शाह, मनीराम यादव, इनाम शाह, हुसैन, आसिफ, आरिफ, शमशाद राईनी आदि मौजूद रहे।