टेस्टिंग के दौरान ही पानी टंकी में था लीकेज, तब से नहीं हुआ कोई कार्य
नगर पंचायत बिस्कोहर में पांच साल पहले बना था ओवरहेड टैंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर में पांच साल पहले बनी पानी की टंकी शोपीस बनी है। घर-घर नल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल के लिए पांच साल पहले हुए कनेक्शनों के बाद भी सप्लाई अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। जलकल विभाग के लापरवाह अफसर नागरिकों को पानी उपलब्ध नहीं करा पाए हैं। इसके चलते परशुराम नगर, राम जानकी नगर, पं. दीनदयाल नगर, अटल नगर व विश्वनाथ नगर वार्ड के निवासियों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
नगर के राकेश गुप्ता, अमित कमलापुरी, चंदन पटवा, राधेश्याम यादव, सुलतान अहमद, विनोद पासवान आदि नागरिकों का कहना है कि निर्मित पानी की टंकी पहले ट्रायल में ही फेल हो गई थी। इतना ही नहीं जब टंकी से सप्लाई के लिए पाइप बिछाई गई तो घटिया कार्य के कारण जगह-जगह पाइपों में लीकेज होने लगी थी। इसी कारण पूरे इलाके में घर घर नल योजना के तहत लगे नलों की टोंटी से पानी मिलना अभी भी महज सपना बना है।
-
बोले-वार्डाें के सभासद
विश्वनाथ नगर वार्ड के सभासद नृपेंद्र प्रताप सिंह, परशुराम नगर वार्ड के सभासद मंजू रानी जयसवाल, पंडित दीनदयाल नगर वार्ड के सभासद शाहिद व राम जानकी नगर वार्ड के सभासद मोहम्मद आसिफ एडवोकेट का कहना था कि नगर में जल निगम के द्वारा अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाने के लिए मुख्य बाजार की गलियों की सीसी सड़क को तोड़ दिया गया। जबकि सड़क तोड़ने के बाद उसकी मरम्मत करवाने की जिम्मेदारी जल निगम की है। लेकिन अभी तक नहीं करवाया गया। कहा कि पानी टंकी का निर्माण किए हुए करीब पांच वर्ष बीत गए। टेस्टिंग के दौरान ही पानी टंकी में लीकेज था। लेकिन में अभी तक कोई सुधार नहीं किया गया। भीषण गर्मी में पानी के लिए लोगों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
-
नगर पंचायत बिस्कोहर में नाली निर्माण के दौरान कई जगहों पर पानी सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइपों को खुदाई के दौरान तोड़ दिया गया है। अभी तक नगर पंचायत के तरफ से नाली निर्माण चल रहा है। उनका काम पूरा होने के बाद सभी पाइपों को दुरुस्त करवा कर पानी की सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।
-अतुल अनजान, जेई, जल निगम शहरी