मनबढ़ों ने विद्यालय की चारदीवारी गिराई
इटवा थानाक्षेत्र के भोपलापुर गांव के पिपरी टोले का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। इटवा थानाक्षेत्र के भोपलापुर गांव के पिपरी में स्थित प्राथमिक विद्यालय में नवनिर्मित बाउंड्रीवाल को कुछ लोगों ने गिरा दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम सचिव ने एसडीएम इटवा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। ग्राम पंचायत सचिव अजय कुमार के मुताबिक वह रोजगार सेवक कमलेश मौर्या की देखरेख में ग्राम पंचायत भोपलापुर के प्राथमिक विद्यालय पिपरी का बाउंड्रीवाल का निर्माण करा रहे थे। यह दीवार तीन बार की पैमाइश और कुछ लोगों के विवाद किए जाने पर विद्यालय की चार फिट जमीन छोड़ने के बाद शुरू हुआ था। मगर कुछ लोगों को बाउंड्रीवाल बनना नागवार लग रहा है। रविवार को कार्य बंद होने पर राजगीर और मजदूर घर चले गए, तो गांव के कुछ मनबढ़ लोग नवनिर्मित बाउंड्रीवाल गिरा दिए। इस मामले में ग्राम सचिव अजय कुमार ने नामजद शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस बाबत थानाध्यक्ष इटवा वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि एसडीएम इटवा के निर्देश पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।