सिद्धार्र्थनगर। असली कंपनी का नकली तंबाकू बनाने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी को डुमरियागंज पुलिस ने बुधवार को नगर के खीरामंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इसे मामले में आरोपी की दो बेटी और बेटे सहित तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बेंवा चौराहे पर स्थित एक मकान मेें 13 जनवरी की रात डुमरियागंज और पथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा था। फैक्टरी से बड़ी मात्रा मेें तंबाकू, पैकिंग तंबाकू और एक नामी कंपनी का बड़ी मात्रा में रैपल पुलिस ने बरामद किया था। इस मामले में पुलिस खजांची अग्रहरि निवासी बेंवा चौराहा और उसके पुत्र और दो पुत्रियों पर धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया था। वह तीनों को पकड़ लिए गए थे। लेकिन मुख्य आरोपी खजांची फरार चल रहा था। उसपर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी में लगी थी।
एसओ डुमरियागंज मुकेश कुमार राय ने बताया कि सूचना मिली की आरोपी क्षेत्र के खीरामंडी के पास मौजूद है और कहीं भागने वाला है। घेराबंदी करके जवानों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।