गांजा तस्करी के मामले में ढेबरुआ से जा चुका है जेल
पुलिस ने शोहरतगढ़ कस्बे के पास से सवा किलो गांजा के साथ पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। स्थानीय थाना की पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम में बानगंगा पुल के पास से एक व्यक्ति को 1.200 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी नेपाल से गांजा लाकर बेचता था और ढेबरुआ थाने से पहले भी जेल जा चुका है।
थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ राज कुमार पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम आठ बजे पुलिस की टीम बानगंगा पुल के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान पुल की दक्षिण की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दुखहरन उर्फ ढिल्ले निवासी कोटिया बाजार थाना शोहरतगढ़ बताया। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि नेपाल से चोरी छिपे गांजा लेकर आता है और यहां घूमकर उसे बेचता है। ढेबरुआ थाने से यह पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। इसकी हिस्ट्री के बारे में जानकारी अन्य थानों से भी ली जा रहा है।