शोहरतगढ़। ब्लाॅक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। इसमें शोहरतगढ़, जोगिया व बढ़नी ब्लाॅक के पदाधिकारियों और संघर्ष समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता टीचर्स फेडरेशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उप्र प्राशि संघ के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान संगठन की एकजुटता से ही संभव है। इसलिए सभी शिक्षक संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। बैठक में सदस्यता, ब्लाॅकों में संगठनात्मक चुनाव कराने तथा चुनाव की तिथियां जल्द घोषित करने पर चर्चा हुई। जनपदीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद पांडेय ने शिक्षकों से संगठन पर विश्वास बनाए रखने और कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। संवाद