सोहांस में सड़क निर्माण में आई मस्जिद को किया गया ध्वस्त। संवाद
सिद्धार्थनगर। उसका से सोहांस होते हुए लोटन और मोहाना को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण में सोहांस में एक मस्जिद आ गई, जो पहले से सड़क में बढ़कर बना दी गई थी। पीडब्ल्यूडी के पत्राचार के बाद एसडीएम की मौजूदगी में मंगलवार को मस्जिद पर बुलडोजर चलवाकर जमींदोज कर दिया गया। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए चार थानों की फोर्स तैनात की गई थी। कार्रवाई पूरी होने के बाद प्रशासन वहां से हटा।
एनएच गोरखपुर-नौगढ़ मार्ग से उसका कस्बे के पास से निकलकर सोहांस, लोटन और मोहाना को जोड़ने वाली सड़क एक लेन थी। पिछले कई साल से सड़क जर्जर हाल में थी। इससे आवागम में दिक्कत होती थी। वहीं वाहनों की भीड़ बढ़ने से सकरी सड़क पर चलने में कठिनाई होने लगी थी। समस्या को देखते हुए सड़क को टू लेन में बदल दिया गया। मौजूदा समय में सड़क का निर्माण भी शुरू हो गया है। ऐसे में सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटवाया जा रहा है। सोहांस में एक मस्जिद सड़क से सटी हुई थी, जिस पर कई बार सड़क में बढ़कर बनाने की आवाज भी लोगों ने उठाया था। लेकिन निर्माण कार्य हो गया था। इसलिए कोई करीब जाना नहीं चाह रहा था। सड़क चौड़ीकरण में पूरी मस्जिद सड़क में आ रही थी। जो सड़क निर्माण में बाधा थी। इसके हटाए जाने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से प्रशासन को पत्राचार किया गया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम सदर डॉ. ललित कुमार मिश्र ने सोहांस के लोगों के साथ पहले बैठक की। उनसे वार्ता के बाद मंगलवार को सीओ सदर अखिलेश वर्मा, एसओ माहोना जीवन त्रिपाठी , एसओ लोटन चंदन कुमार, एसओ उसका दिनेश सरोज के साथ फोर्स लेकर पहुंच गए। फोर्स की मौजूदगी में मस्जिद पर बुलडोजर चलवाकर जमींदोज कर दिया। कार्रवाई समाप्त होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस संबंध में एसडीएम डॉ. ललित कुमार मिश्र ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण में सोहांस की मस्जिद आ रही थी। वार्ता करके कब्जे को हटवा दिया गया।