सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में बनाए गए केंद्रों की निगरानी स्थानीय खुफिया विंग के रडार पर रहेंगे। विंग की टीम परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। इसकी रिपोर्ट तैयार कर भेजेगी। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई तय है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से होनी है। जिले में 114 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 60320 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए शासन ने पूर्व में ही बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया। इसके साथ ही हर केंद्र पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही स्पेशल मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है। इसके अलावा सचल दस्ता परीक्षा केंद्रों की जांच करता है। बावजूद इसके नकल करने वालों पर रोक नहीं लगा पा रही है। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने और सामूहिक नकल रोकने के लिए बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर अंदर चलने वाली हर गतिविधियों पर नजर रखने की तैयारी कर रही है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर काम करने वाली पुलिस के खुफिया विंग को सक्रिय किया जाएगा। यह टीम क्षेत्रवार परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। कहीं गड़बड़ी होती है तो बिना किसी को बताए अपने अधिकारियों को रिपोर्ट करेंगे। ऐसे में अगर कहीं परीक्षा केंद्र पर कोई गड़बड़ी करता है तो संबंधित विद्यालय के संचालक पर कार्रवाई तय है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान ने बताया कि परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराए जाने को लेकर प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करके निर्देश दिया जा चुका है। परीक्षा में लगातार निरीक्षण किया जाएगा, अगर कहीं कोई गड़बड़ी मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।