ढेबरुआ थाना क्षेत्र के चरिगहवा नदी के पुल के पास शुक्रवार देर शाम एक बस अनियंत्रित होकर नदी किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में बस की चपेट में आने से एक साइकिल सवार समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बस सवार 20 यात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बस सवार लोग देवी पाटन मंदिर में एक मुंडन कार्यक्रम से लौट रहे थे। बस में कुल 53 लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के मोहनकोला गांव के खदेरू के नाती ऋषि (5) पुत्र विष्णु और नतिनी कल्पना (5) पुत्री रामप्रसाद का शुक्रवार को मुंडन होना था। इसके लिए ग्रामीण और रिश्तेदार एक बस से सुबह बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर स्थित देवी पाटन मंदिर गए थे। मुंडन कार्यक्रम के बाद शाम को लौटते समय ढेबरुआ थाना क्षेत्र में बढ़नी-शोहरतगढ़ मार्ग पर चरिगहवा गांव में नदी पर बने पुल के अंतिम छोर पर उनकी बस अनियंत्रित होकर नदी किनारे पलट गई।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से बस सवार लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। इस हादसे में एक साइकिल सवार खुरहुरिया गांव निवासी मंगनी (50) की बस की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि बस में सवार शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पैकी निवासी अजय शर्मा (13) पुत्र बाबूलाल की नदी के पानी में डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा अन्य 20 यात्री भी घायल हो गए। उन्हें पीएचसी पहुंचाया गया, जहां से दो मरीजों मोहन कोला निवासी गामा (65) और कमलावती (45) की हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां देर रात गामा की भी मौत हो गई।
उधर, बस पलटने की खबर पर डीएम डॉ. राजगणपतिआर, एसपी प्राची सिंह, एसडीएम चन्द्रभान सिंह,एसओ संतोष कुमार सिंह भी मय फोर्स मौके पर पहुंचे और पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बढ़नी पीएचसी पहुंचाया गया। घटना के लगभग एक घंटे बाद बस को क्रेन के मदद से खाई से बाहर निकाला जा सका।