सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में करौंदा नानकार चौराहे के पास बाणगंगा नहर पर बने पुल की रेलिंग टूटने से हादसे की आशंका बनी रहती है। एक वर्ष पूर्व सड़क का चौड़ीकरण तो हुआ लेकिन पुल को सड़क के मुताबिक चौड़ा नहीं किया गया। ऊपर से रेलिंग के टूट जाने से आने-जाने वालों को और भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जरा सी चूक होने पर कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका हमेशा रहती है।
उक्त चौराहे के पास बने पुल से होकर क्षेत्र के बभनी बाजार, चेतिया, जोगीबारी, जूडीकुइयां, खेतवल, कोइलीघाट, लखनपारा, महला, करौंदा नानकार, साहा, मनोहरी समेत तकरीबन पचास से अधिक गांव के लोगों का आवागमन होता है। इसी मार्ग से रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल आदि जगहों जाने के लिए लोग आते जाते हैं। पुल के सकरा होने और रेलिंग टूटने के कारण ट्रक व अन्य भारी वाहनों को यहां से पार करने में काफी दिक्कत होती है। रात में अंधेरा होने पर दुर्घटना की आशंका ज्यादा रहती है और कई बार बाइक सवार नहर में गिर चुके हैं। स्थानीय निवासी दिवाकर साहनी, मनोज कुमार मिश्रा, अमित कुमार शुक्ल, अनिल कुमार आदि ने पुल के रेलिंग को दुरुस्त करने के साथ चौड़ीकरण की भी मांग की है।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेई अभिजीत सिंह ने बताया कि बड़े ट्रक के आने से रेलिंग टूट गया है, बजट आने पर उसे ठीक कराया जाएगा। पुल के चौड़ी करण के लिए विभाग को लिखा जाएगा।