जिला स्टेडियम में चल रहे गौतम बुद्ध लेदर बाल मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को गोरखपुर ने बस्ती को 32 रनों से हराकर जीत दर्ज किया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोरखपुर की टीम ने बस्ती के सामने 167 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी बस्ती टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही। उनके सलामी बल्लेबाज कुछ न कर सके। बस्ती की टीम 6 विकेट पर 134 रन ही बना सकी। गोरखपुर टीम की ओर से अभिषेक ने 85 रन बनाया व दो विकेट भी लिया। इस पर उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक विजय पासवान ने मैच का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक विकास के साथ ही मानसिक विकास भी होता है। ऐसे आयोजनों का होना जरूरी है। प्रतियोगिता कराने से युवाओं के अंदर छिपी प्रतिभाएं बाहर आती हैं। आज जिले मे कई ऐसे युवा हैं जो अपनी प्रतिभा के माध्यम से विश्व स्तर पर पहुंच सकते हैं। इस दौरान उप जिला क्रीड़ा अधिकारी फरीदा सिद्दीकी, अब्दुल कलाम सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।