छत पर जाने के लिए लोहे की सीढ़ी पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। थाना क्षेत्र के दुमदुमवा गांव में शुक्रवार सुबह लोहे की सीढ़ी पर चढ़ रहे किशोर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गई मां भी करंट के झटके से दूर जा गिरी। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। इसकी जानकारी होने पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
दुमदुमवा निवासी अर्जुन चौहान (16) पुत्र रामप्रसाद चौहान ने घर की छत पर जाने के लिए लोहे की सीढ़ी को पकड़ा, इससे वह करंट की चपेट में आ गया। अर्जुन की आवाज सुनकर मां मालती देवी बचाने पहुंची तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं और झटके से दूर जा गिरीं। घटना में अर्जुन गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। आनन-फानन ग्राम प्रधान रामसुमेर और परिजनों ने अर्जुन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।