स्काउट गाइड प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया
बांसी। तिलक इंटर कॉलेज में बांसी में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण का समापन शनिवार को हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया गया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि स्काउट गाइड की शिक्षा से छात्र-छात्राओं को काफी कुछ सीखने को मिलता है। स्काउट गाइड हमें जीवन जीने की कला भी सिखाता है। हमें विपरीत परिस्थितियों में जीवन-यापन करने की शिक्षा भी हमें स्काउट गाइड से प्राप्त होती है।
प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि स्काउट गाइड के नियम, प्रतिज्ञा, गांठ बंधन, टोली निर्माण, तंबू निर्माण, बिना बर्तन भोजन बनाने की कला की जानकारी हमारे संपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करने में सहायक होती है। जिला संगठन कमिश्नर स्काउट हरीश चंद्र यादव ने कहा कि तीन दिन तक छात्र-छात्राओं ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लिया। स्काउट गाइड प्रशिक्षण से परस्पर सहयोग की भावना जागृत होती है। यही विद्यार्थी आगे चलकर सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सहायक साबित होते हैं।
उपजिलाधिकारी बांसी व विद्यालय के निर्णायक दल ने स्काउट गाइड के बनाए तंबुओं का निरीक्षण किया और प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान लोकपति सिंह, हरिओम यादव, कमलेश कुमार, अवधेश सिंह, वकील अहमद खां, हरेंद्र बहादुर सिंह, मनोज कुमार सिंह, स्पर्श वर्मा मौजूद रहे।