ढेबरुआ। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी नगर में शनिवार को आधा दर्जन नकाब पोश महिलाएं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाई गईं। जानकारी के अनुसार यह महिलाएं नगर की महिलाओं से मिलकर खुद को किसी कंपनी का एजेंट बताती थीं। वे महिलाओं से आधार संख्या और मोबाइल नंबर लेकर यह कहती थीं कि उनके खाते में एक हजार रुपये जमा किए जाएंगे। नगर के कुछ व्यापारियों को उनकी हरकतों पर शक हुआ। जब व्यापारियों ने महिलाओं से पूछताछ की, तो वे सही जवाब नहीं दे पाईं। इस दौरान उनके पास से आईडी कार्ड भी बरामद हुआ, जिसकी वैधता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। शक की सूचना तुरंत पुलिस चौकी को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस संबंध में एसओ ढेबरुआ नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जा रही है।