धेंसा। सिद्धार्थनगर पॉवर हाउस से शोहरतगढ़ तक 35 हजार वोल्टेज की सप्लाई के लिए लगे लोहे के पोल जर्जर होकर झुक गए हैं। इसके टूटकर गिरने से कभी भी हादसा हो सकता है। बावजूद इसके उसी से बिजली की आपूर्ति हो रही है। लेकिन विभागीय अधिकारी इससे अनजान बने हैं।
सनई-शोहरतगढ़ तक बानगंगा नहर के किनारे सैकड़ों लोहे के पोल के सहारे सिद्धार्थनगर-शोहरतगढ़ तहसील पर बने पॉवर हाउस तक 35000 हजार वोल्टेज बिजली सप्लाई होती है। नहर के किनारे लगे लोहे के पोल पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं। लेकिन मरम्मत नहीं की जा रही है। नहर पर तमाम राहगीर पैदल, साइकिल, मोटर साइकिल से यात्रा करते हैं। झुके हुए बिजली के पोल कब गिर जाएं, इसकी कोई गारंटी नहीं है। क्षेत्र के करौंदा नानकार निवासी अमित कुमार शुक्ल, रबि मिश्र, करौंदा चौराहा निवासी दिवाकर साहनी, सिल्लू ओझा, रिंकू आदि ने विद्युत निगम से अतिशीघ्र पोल बदलवाने की मांग की है। नौगढ़ पॉवर हाउस के जेई विकास कुमार ने बताया कि 20 दिन पहले ही एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही जर्जर पोल बदलने का काम शुरू किया जाएगा।