संघर्ष से ही समस्याओं से मिलेगी निजात: राजभर
बड़हरघाट मंदिर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सावधान जनसभा
बांसी। संघर्ष से ही समस्याओं से निजात मिलेगी। बिहार में महिलाओं ने झाड़ूू-बेलन के साथ संघर्ष किया तो नीतीश सरकार को शराब बंदी करनी पड़ी। यहां पर भी दारू बंदी होनी चाहिए। इसलिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी संघर्ष कर रही है और सावधान यात्रा निकाल रही है। ये बातें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बड़हरघाट मंदिर पर आयोजित सावधान जनसभा में कहीं।
उन्होंने कहा कि दारू-मुर्गा का प्रलोभन देकर नेता वोट मांगते हैं, गरीब के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं, अमीरों के बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ते हैं। जिला सिद्धार्थनगर में कुल 18 थाने हैं। थानों को जातिगत आधार पर बांटा गया है। किस जाति की आबादी कितनी है, कोई नेता नहीं बता सकता है। राशन कार्ड में यदि पांच लोगों का नाम है तो दो को ही राशन दिया जाता है।
पढ़ाई में स्वरोजगार के लिए कक्षा चार से ही तकनीकी शिक्षा दी जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि एक समान शिक्षा क्यों नहीं दी जाती? अमीरों का कर्ज माफ कर दिया जाता है, गरीबों का क्यों नहीं? इसी बीच भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष हाजी बरकत अली ने पत्र देकर परासी नाले में पुल बनवाने की मांग की। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चार हजार लोग क्यों नहीं विधायक को घेरते हैं? मैंने तो सदन से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ी, लड़ते रहेंगे। यह सावधान रैली यात्रा 27 अक्टूबर को पटना में समाप्त होगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री सालीक यादव, राष्ट्रीय महासचिव अरुन राजभर, अति पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष डॉ संजय चौहान, डॉ रामनिवास राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील पांडेय, बृजभूषण मिश्रा, विधायक दूध राम, विधायक वेद राम, केशव राजभर, राम चंद्र निषाद आदि मौजूद रहे।