सिद्धार्थनगर। बेटियां आज तेजी से तरक्की की ओर बढ़ रही हैं। मंजिल हासिल करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति की जरूरत है। अगर ठान लें तो कोई भी मुकाम दूर नहीं है, उसे मेहनत से हासिल किया जा सकता। यह बातें, सीओ सदर सुजीत कुमार राय ने कहीं। वे सोमवार को गंगा नेशनल पब्लिक स्कूल परसा भदवरिया में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला को संबोधित कर रहे थे।
सीओ सुजीत राय ने कहा कि संचार क्रांति के युग में आज हर हाथों में स्मार्टफोन है। सभी लोग इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं। वाइस कॉल और वीडियो कॉल कर रहे हैं। आप जानते हैं कि कोई आपकी बात को नहीं सुनता है। यह आपका भ्रम है। आपकी हर बात सेटेलाइट पर सुनी जाती हैं। आपका फोन आपकी हर बातों को सुनता है। इसलिए इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग कम से कम करें। लक्ष्य को तय करें और आगे बढ़ें। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सवाल किया कि भविष्य में क्या बनना चाहती हो तो किसी ने आईपीएस और आईएएस और किसी ने डॉक्टर तो कोई इंजीनियर बनाने की बात कहीं।
महिला थानाध्यक्ष शाइस्ता खान ने कहा कि बेटियां बहादुर होती हैं। किसी से डरने की कोई जरुरत नहीं है। अगर कोई आपको को घूर रहा है तो उसे भी घूरिए। अगर नहीं मानता है तो प्रतिक्रिया व्यक्त करो। इसके बाद नहीं समझता है तो पुलिस को सूचना दो। फिर पुलिस समझाएगी। आगे उन्होंने कहा कि किसी से अगर दोस्ती भी करते हो तो उसके नीयत को देखो। वह आपको किसी नजरिए से देख रहा है। दोस्ती का मतलब दोस्ती होता है। आज दोस्ती में तस्वीर लेने वाले ब्लैकमेल कर रहे हैं। परेशान कर रहे हैं, ऐसे लोगों को दूर रहे हैं। बेटियां अब कमजोर नहीं हैं, सरकार उनके लिए कई योजनाएं चला रही हैं। पुरुष के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। इसलिए कड़ी मेहनत करो और ऐसा कर दिखाओ की समाज और परिवार दोनों आप पर गर्व करे। इस दौरान उन्होंने 1090, डायल-112 सहित कई जरूरी नंबर के बारे में जानकारी दी। जरूरत पड़ने पर कॉल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अजय भारद्वाज आदि मौजूद रहे।