एसटीएफ खंगाल रही सॉल्वर गैंग की कुंडली
सिद्धार्थनगर। प्रतियोगी परीक्षा में सेंधमारी करने वाले गिरोह के दो सॉल्वर पकड़े जाने के बाद एसटीएफ सक्रिय है। बिहार से इस गिरोह के संचालित होने के क्लू मिलने के बाद टीम सरगना तक पहुंचने के लिए कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। बांसी के रतनसेन डिग्री कॉलेज से पकड़े गए बिहार के दो सॉल्वरों से पूछताछ में टीम के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। सूत्रों की मानें तो टीम पूर्वांचल में काम करने वाले गिरोह के सदस्यों का जल्द पर्दाफाश कर सकती है।
पीईटी में जिले में दो सॉल्वर पकड़े गए, जो दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। टीम ने पहले दिन पप्पू यादव नाम के सॉल्वर को पकड़ा, जो गया (बिहार) का रहने वाला है। दूसरा अनूप कुमार निवासी कुकरैल जनपद नालंदा (बिहार) को पकड़ा। दोनों बांसी के रतनसेन डिग्री कॉलेज से पकड़े गए। इनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। एसओजी के अलावा यूपी एसटीएफ की टीम गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही है। सूत्रों की मानें तो टीम को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिससे कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। कोतवाल बांसी वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि टीम मामले की जांच कर रही है।
कोचिंग सेंटर भी निशाने पर
जांच में जुटी टीम को कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जिनके तार गोरखपुर आदि के कोचिंग सेंटरों से जुड़ रहे हैं। वहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का सॉल्वरों से संपर्क कराया जाता है। गैंग संचालित करने वाले सरगना को तय रुपये दिए जाते हैं।
50 हजार तक में ठेका, मिलते हैं 15-20 हजार
सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आ रही है कि ये सॉल्वर मोहरा हैं। इन्हें महज 15-20 हजार रुपये दिए जाते हैं। गैंग संचालित करने वाले जितनी बड़ी परीक्षा, उतनी बड़ी रकम तय करते हैं। सॉल्वर को परीक्षा में बैठाते हैं और परीक्षा समाप्त होने के बाद तय रकम देते हैं। अगर पकड़े गए तो पूरा रिस्क इनका।
चेकिंग पर सवाल
परीक्षा केंद्र के बाहर गेट और कक्ष में जाने से पहले हर परीक्षार्थी को चेक करना था। प्रवेश पत्र से मिलान करना था। ऐसे में दोनों दिन एक ही विद्यालय में दो सॉल्वर पहुंच गए और परीक्षा भी देने लगे। ऐसे में जांच में बड़ी चूक से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
पकड़े गए सॉल्वर पर केस दर्ज
सिद्धार्थनगर। प्रारंभिका अर्हता परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए सॉल्वर पर जालसाजी सहित अन्य धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है। कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि बांसी के रतनसेन डिग्री कॉलेज में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते समय अनूप कुमार निवासी कुकरैल जनपद नालंदा बिहार को पकड़ा गया था। इस मामले में आरोपित के खिलाफ जालसाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करके उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करेगी।