लोटन। रंगों का त्योहार होली को लेकर आम लोगों में फगुआ का खुमार धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। इस पर्व को लेकर बाजार में रंग, गुलाल, टोपी एवं अन्य सामग्रियों की दुकानें सज-धज कर तैयार हैं। क्षेत्र में होली का त्योहार मंगलवार लठ्ठमार होली के साथ शुरू हो गई है। तीन दिनों तक लोग रंग एवं उमंग से सराबोर रहेंगे। त्योहार को लेकर बाजार में चहल-पहल तेज हो गई है। बाजारों में रंग अबीर पिचकारी की दुकानों में रंग-बिरंगे रंग अबीर की बिक्री ने गति पकड़ ली है। ग्राहकों की भीड़ दुकानों पर जमने लगी है। गांव की चौपालों पर भी ढोल, मंजीरा, झाल हरमुनियां के साथ होली के गीतों की चौपाल भी कई दिनों से सज रहा है। होली के गीतों में फागुन की मिठास झलकने लगी है। इधर बाजार के चौक-चौराहों पर होली के रेडीमेड गीत भी चारों ओर गुंजने लगा है। फिलहाल क्षेत्र का पूरा इलाका होली के रंगों में सराबोर होने को जहां आतुर है। संवाद