ग्रामीण आजीविका मिशन कर्मियों ने विकास भवन परिसर में दिया धरना
सिद्धार्थनगर। अल्प मानदेय पर ग्रामीण आजीविका मिशन कर्मियों को कार्य करना मुश्किल हो रहा है। 18वीं शासी निकाय की तरफ से सभी कर्मचारियों को सात प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि का निर्देश है, जिसका अब तक लाभ नहीं मिला है। इसे तत्काल प्रदान किया जाए। ये बातें उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय ने विकास भवन परिसर में आयोजित धरने में कहीं।
धरने में कार्यवाहक अध्यक्ष सरताज अहमद अंसारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजनीश तिवारी, जिला मंत्री अरुण विक्रम ने कहा कि जायज मांगों के लिए आंदोलन कर रहे ग्रामीण आजीविका मिशन कर्मियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष को शिव कुमार दुबे को गलत तरीके से बर्खास्त कर दिया गया, उन्हें तत्काल बहाल किया जाए।
वर्तमान में महंगाई के कारण जरूरी सामान की कीमतों में इजाफा हुआ है। वर्ष 2015 के वेतन पर वर्तमान में परिवार का भरण-पोषण संभव नहीं रह गया है। मिशन कर्मियों के वेतन में वृद्धि जरूरी है। नाराज ग्रामीण आजीविका मिशन कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की। धरने के बाद विकास भवन से कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में नौ समस्याओं के निदान की मांग की है। इस दौरान संरक्षक मुकेश कुमार, विमलेश कुमार, ललिता देवी, अजीत कुमार, प्रेम कुमार तिवारी, शिवप्रसाद, प्रमोद मिश्र, रामगिरीश, सुशीला देवी मौजूद रही।