: डुमरियागंज तहसील सभागार में स्टेटिक सर्विलांस टीम के सदस्यों की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। लोकसभा चुनाव के तहत डुमरियागंज तहसील सभागार में स्टेटिक सर्विलांस एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने उन्हें निर्देश देते हुए क्षेत्र में पूरी तरह से मुस्तैद रहने और वाहनों की चेकिंग तथा आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर रिपोर्ट करने को कहा।
एसडीएम ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मतदान को लेकर डुमरियागंज क्षेत्र में पूर्व में ही तीन चुनाव उड़न दस्ता टीम गठित कर जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। टीम 24 घंटे क्षेत्र में सक्रिय रहकर निगरानी कर रही है। मंगलवार से डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में बेवां चौराहा, भारतभारी तथा भडरिया समेत तीन स्थानो पर चेक पोस्ट बनाया जा रहा है। जहां पर स्टेटिक सर्विलास टीम एवं पुलिस अधिकारियों की ओर से निगरानी की जाएगी।
टीम की ओर से विशेष तौर से हर वाहनों की तलाशी लेने के साथ-साथ उनकी वीडियोग्राफी और चुनाव आचार संहिता उल्लंघन को लेकर कोई भी आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर इसकी सूचना तहसील कार्यालय पर उपलब्ध करानी रहेगी। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्टेटिक सर्विलांस टीम के साथ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सामंजस्य बनाकर कार्य करें।
सीओ अखिलेश वर्मा ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि बनाए गए चेक पोस्ट पर पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें और स्टेटिक सर्विलेंस टीम को पूरा सहयोग करें। इस दौरान डुमरियागंज थानाध्यक्ष मुकेश राय, रोहित सिंह, गंगा प्रसाद प्रजापति, संजय पटेल, अश्वनी कुमार मिश्रा, सुजीत कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अजय कुमार, राजेंद्र प्रसाद मौजूद रहे।