सपाइयों ने मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि
सिद्धार्थनगर। सपा के जिला कार्यालय पर शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पार्टी के संस्थापक व पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव को याद किया गया। दो मिनट का मौन रखकर उनके आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
निवर्तमान जिला अध्यक्ष लाल जी यादव ने कहा कि नेताजी ने डॉ.लोहिया की नीतियों, सिद्धांतों और विचारों पर चलकर उनके सपनों को धरातल पर साकार करने का काम किया। समतामूलक समाज स्थापित कर देश और समाज को नई दिशा देने का काम किया। नेता जी के निधन से समाजवाद का सूर्य अस्त हो गया और देश ने एक महान नेता को खो दिया है। इस दौरान पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूर्व विधायक विजय पासवान, रामचंद्र यादव, नागेंद्र नाथ चतुर्वेदी, अनूप यादव, विभा शुक्ला, इंद्रासना त्रिपाठी, वीरेंद्र तिवारी, कुलेश्वर निषाद, मोहम्मद इदरीश पटवारी, जमील सिद्दीकी, हरिनारायण यादव, जोखन चौधरी, अब्दुल कलाम सिद्दीकी मौजूद रहे।
इटवा क्षेत्र में शोकसभा का आयोजन
इटवा। सपा कार्यालय इटवा व महादेव घुरहू में शोक सभा का आयोजन कर पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव को सपाइयों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें याद किया गया। सपा नेता बेचई यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव गरीबों व मजलूमों के सच्चे हितैषी थे। सपा नेता अमित दुबे ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के न रहने से हम लोगों ने एक सच्चा जनसेवक को खो दिया है, जिसकी निकट भविष्य में पूर्ति संभव नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव जमीन से जुड़े नेता था, इसीलिए उन्हें धरतीपुत्र की सज्ञा मिली। श्रद्धांजलि सभा में कमरूज्जमा खां, रज्जन पांडेय, केके चौधरी, बीएन तिवारी, अब्दुल लतीफ, दिनेश मिश्रा, राजदेव मिश्रा आदि मौजूद रहे।
गरीबों के मसीहा थे मुलायम सिंह यादव
डुमरियागंज। समाजवादी पार्टी के संस्थापक संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देश हित व पार्टी हित में किए गए योगदानों को याद किया। विधायक सैयदा खातून ने कहा कि मुलायम सिंह यादव अल्पसंख्यक, पिछड़ों, दलितों, गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री रहते हुए समाज के सभी वर्गों के उत्थान और विकास लिए काम किए। उन्होंने कहा की यह मुलायम सिंह की ही देन है जो आज पिछड़े, दलित समाज के लोग संवैधानिक पदों पर आसीन हुए। पूर्व राज्यसभा सदस्य आलोक तिवारी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव अपनी पार्टी ही नहीं विपक्षी दलों में भी काफी लोकप्रिय और व्यवहार कुशल थे। इस दौरान बच्चा राम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुहेल फारुकी, अनिल सिंह, जहीर मलिक, घीसियावन यादव, ओम प्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा में सपा नेता रामकुमार उर्फ चिंकू यादव ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बाद देश में अगर किसी को नेता का नाम मिला है तो वह मुलायम सिंह यादव थे। पूरा देश मुलायम सिंह यादव को नेता जी कहकर पुकारता था नेताजी का सम्मान विरोधी भी करते थे और अपने पार्टी वाले तो करते ही थे नेताजी देश और विदेश दोनों में उनकी ख्याति थी। उनके निधन से देश को बहुत बड़ी राजनीतिक क्षति हुई है इस क्षति की भरपाई होना नामुमकिन है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हमेशा याद आएंगे नेताजी
शोहरतगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की स्मृति में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एंगडेगवा भावपुर में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सपाइयों ने श्रद्धांजलि दी।
पूर्व चेयरमैन व सपा नेता मोहम्मद जमील सिद्दीकी ने कहा कि हम सबके नेता मुलायम सिंह यादव आज नहीं रहे, लेकिन वे समाजवादियों के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। वह देश व समाज को एक धारा में पिरोकर साथ चलने के लिए अग्रसर रहते थे। उन्हीं के विचारों पर हम समाजवादियों को चलना है। इस दौरान राम अवतार यादव, हरिराम यादव, ओम प्रकाश यादव, ओमप्रकाश वरुण आदि मौजूद रहे। संवाद