सिद्धार्थनगर। मुकदमा कमजोर करने के लिए रिश्वत मांगने के मामले में एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। त्रिलोकपुर थाने में तैनात दरोगा की ओर से ग्राम प्रधान से रिश्वत मांगने का आडियो बृहस्पतिवार को वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की है।
बता दें कि त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के तेनुई गांव के प्रधान गुरु सहाय व राम सूरत के बीबी व बच्चों के बीच झाडू लगाने को लेकर आठ जुलाई को विवाद हुआ गया था। राम सूरत के द्वारा त्रिलोकपुर थाने में ग्राम प्रधान गुरु सहाय व उनके भाई बब्बन, दद्दन, रक्षाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। दरोगा भीम सिंह उस मामले की विवेचना कर रहे थे। उन्होंने राम सूरत की पत्नी प्रीतलता व पुत्री कविता तथा मां मंगरैली देवी और पुत्र अमित कुमार व साले के गवाही पर मुकदमा दर्ज कराया। उसके बाद गुरु सहाय को फोन कर आरोपी दरोगा भीम सिंह ने धारा कम करने के एवज में 40 हजार रुपये की मांग की। जिस गुरु सहाय ने 15 हजार देकर बाकी पैसा बाद में देने की बात कही। उसी पैसे को लेकर प्रधान के भाई बब्बन को करीब दो सप्ताह से फोन कर पैसे की मांग की जा रही थी। बार-बार रुपये न होने की बात बब्बन करता रहा। समय से पैसा नहीं देने पर दरोगा गाली कलौज के साथ धमकी देते थे। इसी बीच रुपये के लेनदेन का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
मामला पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा तो उन्होंने सीओ को जांच सौंप दिया। सीओ डुमरियागंज से वायरल आडियो की जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। सीओ डुमरियागंज की ओर से भेजे गई रिपोर्ट के आधार पर कप्तान ने रिश्वत मांगने वाले आरोपी दरोगा भीम सिंह को निलंबित कर दिया। इस संबंध ने सीओ डुमरियागंज सुजीत कुमार राय ने कहा कि वायरल आडियो का रिपोर्ट कप्तान को भेजा गया था। आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है।