सिद्धार्थनगर। मतगणना स्थल जय किसान इंटर कॉलेज सनई में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होने से पहले ही पहुंचे कई प्रत्याशी चौथे व पांचवें चरण के रुझान आने के बाद मैदान छोड़कर चले गए। वहीं, मतगणना में दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे प्रत्याशी व उनके समर्थक तेज धूप, गर्मी और बैठने की व्यवस्था नहीं होने से थकान के बावजूद अंतिम समय तक मैदान में डटे रहे।
सनई स्थित मतगणना स्थल पर नगर पालिका सिद्धार्थनगर, नगर पंचायत उसका बाजार व कपिलवस्तु के अध्यक्ष एवं सभासद प्रत्याशी पहले, दूसरे व तीसरे चक्र तक मतगणना पूरी होते ही वापस लौट गए। इनमें कई सभासद प्रत्याशी चुनाव हार चुके थे और अध्यक्ष पद के कुछ प्रत्याशी जीत की रेस में बहुत पीछे थे। मतगणना स्थल पर सुबह 11 बजे से ही चढ़ते सूर्य देवता की तपिश से बचने के लिए प्रत्याशी टेंट अथवा पेड़ के नीचे छाया की तलाश करते दिखे। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक तेज धूप के बावजूद प्रत्याशियों के एजेंट मतगणना टेबल पर एक-एक मत पर लगे मुहर को बारीकी से देखते रहे, इस बीच धक्कामुक्की के बावजूद उनकी निगाहें मतपत्र से नहीं हट रहीं थीं। इसी बीच नगर पालिका सिद्धार्थनगर के एक मतगणना टेबल पर एक मतपत्र में लगे मुहर निशान के लिए अध्यक्ष प्रत्याशियों के समर्थकों में नोकझोंक भी हुई।
हमराहियों पर नाराज हुए सीओ
मतगणना टेबल पर नोकझोंक के दौरान मौके पर पहुंचे सीओ अखिलेश वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया। इस बीच हमराही सिपाहियों के दूसरे जगह होने से सीओ नाराज हो गए और मौके पर डांटने लगे। साथ ही उन्हें सनई चौराहे से साड़ी तिराहे तक पैदल परेड करने की हिदायत दी। जिस पर उनके हमराही सिपाही वहां से निकलने भी लगे, लेकिन फिर उन्हें वापस बुला लिया गया।
खाने-पीने के लिए परेशान रहे लोग
सुबह से मतगणना स्थल पर पहुंच गए अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशी एवं समर्थक भूख और प्यास से परेशान रहे। गर्मी के कारण प्यास बुझाने के लिए लोग इधर-उधर भटकते दिखे। कुछ लोग बाहर से खाने के लिए कुछ मंगाने का प्रयास करते दिखे। जहां कुछ खाने को मिल जाता वहीं लोगों का झुंड टूट पड़ता दिखाई दिया।