पिकअप से 60 बोरी यूरिया हुई है बरामद, जांच शुरू
मोहाना थाना के निरंजनपुर बाॅर्डर के पास से पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ककरहवा। एसएसबी 43वीं और मोहाना पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के निरंजनपुर बॉर्डर से अवैध तरीके से पिकअप से नेपाल ले जाई जा रही 60 बोरी यूरिया खाद के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्कर खाद को एकत्र करके बार्डर पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसएसबी 43वीं वाहिनी की सीमा चौकी ककरहवा के इंस्पेक्टर विश्व दीपक त्रिपाठी की अगुवाई में एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम बुधवार रात भारत-नेपाल सीमा के निरंजनपुर के पास गश्त पर थे। इसी दौरान भारत से नेपाल की तरफ एक पिकअप जाता हुआ दिखाई दिया। जवानों ने पिकअप को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें 60 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा निवासी चंदन गौड़ के रूप में हुई है। टीम ने बरामद सामान ककरहवा कस्टम को सुपुर्द कर दिया है।