कोटे की दुकानों पर पहुंचे छोटे सिलिंडर, होगी बिक्री
बिना गैस कनेक्शन के ही मिलेंगे छोटे सिलिंडर
शुरुआती दौर में चयनित 45 कोटे की दुकानों पर मिलेंगे
सिद्धार्थनगर। अब बिना गैस कनेक्शन के ही रसोई गैस सिलिंडर प्राप्त करने में कोई असुविधा नहीं होगी। नए नियम के अनुसार कोटे की दुकानों से छोटे सिलिंडर की बिक्री होगी। जिले में प्रथम चरण में कोटे की 45 दुकानों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जल्द ही बिक्री शुरू हो जाएगी।
जिले में 1331 कोटे की दुकानें हैं। इन दुकानों पर अब पांच किलो और दो किलो के छोटे सिलिंडर की बिक्री होगी। कोई भी व्यक्ति सिक्योरिटी मनी जमा करके सिलिंडर प्राप्त कर सकेगा और आवश्यकता पूरी हो जाने के बाद सिलिंडर जमा कर सिक्योरिटी मनी वापस प्राप्त कर सकता है। कोटे की दुकानों से भरे हुए छोटे सिलिंडर प्राप्त होने पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुविधा प्राप्त होगी। वहीं किसी तीर्थ क्षेत्र या अन्य स्थान पर कुछ समय के लिए ही जाने वाले लोगों के लिए सिलिंडर प्राप्त करके भोजन बनाना आसान हो जाएगा। जब वापस जाएंगे तो कोटे की दुकान में ही सिलेंडर जमा हो जाएगा, क्योंकि सुरक्षा कारणों से सिलिंडर के साथ परिवहन करना उचित नहीं है।
टल जाएगा रिफलिंग का जोखिम
छोटे गैस सिलिंडर की रिफलिंग करने के दौरान हादसे का जोखिम बना रहता था, लेकिन कंपनी से भरे हुए प्राप्त होंगे। घटतौली और मनमाना दाम वसूलने की शिकायतें भी नहीं आएंगी। वहीं कोटे की दुकान से सिलिंडर प्राप्त होने पर जिले के लोगों को सुविधाएं प्राप्त होगी।
वर्जन--
कोटे की दुकानों से छोटे सिलिंडर की बिक्री होगी, जबकि खाली सिलिंडर के साथ शुल्क जमा करने पर भरा हुआ सिलिंडर प्राप्त हो जाएगा। प्रथम चरण में कोटे की 45 दुकानों का चयन किया गया है, जहां से सिलिंडर प्राप्त होंगे।
बृजेश कुमार मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी