कपिलवस्तु। पड़ोसी देश नेपाल के जिला नवलपरासी में लोकाहा नदी के तट पर दुर्लभ प्रजाति के छह गिद्ध मृत पाए गए हैं। माना जा रहा है कि गिद्धों की मौत किसी जानवर का मांस खाने के बाद हुई फूड प्वाइजनिंग की वजह से हुई। जिस स्थान पर गिद्धों की मौत हुई, वहां दो मृत लोमड़ी की हड्डियां भी मिलीं।
शुरुआती जांच से अंदेशा जताया जा रहा कि गिद्धों की मौत जहरीला खाना खाने से हुई है। लोकाहा नदी के किनारे मृत गिद्ध को देखने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जटायु रेस्टोरेंट को दी। इससे पूर्व भी पिछले वर्ष अप्रैल माह में केरुंगे नदी के आस पास के इलाके में जहरीले भोजन के कारण 17 गिद्धों की मौत हो गई थी। जटायु रेस्टोरेंट के अध्यक्ष डीबी चौधरी ने बताया कि अब तक मिले मामलों में यह पाया गया है कि गिद्धों की मौत गाय, कुत्ते आदि पालतू जानवरों का जहरीला मांस खाने से होती है।
बताया जा रहा कि स्थानीय लोग जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए जहरीली दवाओं का इस्तेमाल करते हैं, जिसे खाकर वह दूर दराज के जगहों पर जाकर मर जाते हैं। इन्हीं मरे जानवरों का जहरीला मांस खाने से गिद्धों की मौत हो रही है। पुलिस निरीक्षक साजन शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और इस मामले में दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।