भनवापुर। भनवापुर ब्लॉक में सोमवार को गेहूं क्रय केंद्र के प्रभारी पहुंचे तो किसानों ने दर्द बयां किया तो उनके भी चेहरे लटक गए। वजह यह है कि खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं होने के कारण प्रभारियों को गांव में जाना पड़ रहा है।
किसानों ने कहा कि इस बार बेमौसम बारिश के कारण गेहूं की पैदावार बहुत कम हो गई है। सरकारी दर के बराबर ही बाजार में दाम मिला तो कुछ गेहूं बेचकर काम चलाया, लेकिन अब जितना गेहूं है, उसे खाने के लिए रखा गया है।
खरीद सत्र 2023 में गेहूं खरीदारी की शुरुआत एक अप्रैल से ही की गई थी, लेकिन बाजार का भाव अधिक होने के कारण किसानों का रुख व्यापारियों की तरफ ज्यादा हो रहा है। जिसके चलते गेहूं खरीद में केंद्र प्रभारी पूरी तरह से फेल हैं। समर्थन मूल्य पर खरीदारी का क्रम काफी मंद होने के कारण क्रय केन्द्र प्रभारी धीरेंद्र सिंह सोमवार को भनवापुर ब्लाक क्षेत्र के पोखरभिटवा गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चौधरी प्रसाद से मुलाकात करने के बाद ग्रामीणों के बीच में बैठकर गेहूं खरीद पर चर्चा की। चौधरी प्रसाद ने कहा कि इस बार पिछले साल की अपेक्षा गेहूं की पैदावार बहुत कम हुई और किसान टूट गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड के कर्ज को जमा करना मुश्किल काम हो गया है।
इस दौरान धीरेंद्र सिंह ने बताया कि गेहूं खरीद की स्थिति ठीक न होने के कारण ऊपर से गांव-गांव कैंप करने का निर्देश दिया गया है, जिस के क्रम में आज हम लोग पोखरभिटवा गांव में आए हैं। गेहूं खरीद बढ़ाने के लिए गांव-गांव कैंप किया जाएगा।
इस दौरान उचित दर विक्रेता राजबहादुर , ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चौधरी प्रसाद, हरिराम,बैजू गौतम,हृदयराम, मोहम्मद उमर,तारामति,धनराजी आदि उपस्थित रहे।