सलेमपुर। डीएम अखंड प्रताप सिंह व एसपी संकल्प शर्मा शनिवार को कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में करीब 12 बजे पहुंचे, जहां फरियादें सुनीं। समाधान दिवस में कुल 11 मामले आए, लेकिन का भी निस्तारण नहीं किया जा सका। जबकि पूर्व के चार मामलों का निस्तारण किया गया। सुनवाई के बाद डीएम व एसपी के बाहर निकलते समय एक व्यक्ति पहुंचा और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित की बात सुनी और तहसीलदार व कोतवाल से तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया।
भटनी थाना क्षेत्र के पयासी गांव निवासी अरुण मिश्र ने बताया कि कस्बा सलेमपुर गांव में उन्होंने जमीन खरीदी है। इसपर एक व्यक्ति जबरिया कब्जा कर रहा है। आराेप है कि इसकी शिकायत उन्होंने कई बार एडीएम व कोतवाली पुलिस से की। फिर भी दबंग उनकी जमीन पर निर्माण कार्य कर रहा है। पीड़ित की बात सुनकर एसपी ने तहसीलदार और कोतवाल को तत्काल मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं लार थाना क्षेत्र की सुमन देवी ने एसपी से कहा कि उनके पति पति उज्जैन मंदिर पर पंडिताई करते हैं। जमीन दिलाने के लिए नगर की एक महिला व उसके दोस्त ने उनसे 41 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए हैं। इसकी शिकायत सीओ और कोतवाल से कई बार की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।